कोसीकलां (मथुरा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म में विफल होने पर किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस टीमों ने कई जगह दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सके। आरोपियों के मेवात में भाग जाने की आंशका जताई जा रही है।
क्षेत्र के एक गांव में चार युवकों ने 16 वर्षीय किशोरी को झोंपड़ी में पकड़ लिया था और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विफल रहने पर किशोरी की दुपट्टा से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपियों के परिजनों ने पंचायत के जरिये मामला रफा-दफा करने के लिए दबाव बनाया, लेकिन पीड़ित परिवार ने कोई फैसला नहीं माना और मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस की दो टीमों को आरोपियों व दबाव बनाने वालों की पहचान और धरपकड़ के लिए लगाया गया। पुलिस ने कई जगह दबिश दी। लेकिन कोई हाथ नहीं लग सका।
इधर, तमाम तरह की चर्चाओं के बीच पुलिस ने जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हत्यारे बख्शे नहीं जाएंगे। वे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।