मैनपुरी। शहर किनारे चल रही नकली खाद बनाने की फैक्टरी की प्रशासन चार दिनों से रेकी कर रहा था, लेकिन गोदाम बंद होने के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी। मंगलवार को गोदाम खुला तो पूरा प्रशासनिक अमला जा पहुंचा। जांच में नकली खाद बनाने का भंडाफोड़ हुआ तो प्रशासनिक अधिकारी हक्के-बक्के रह गए।
नगला जुला में संचालित नकली खाद बनाने की फैक्टरी की शिकायत चार दिन पहले जिलाधिकारी से की गई थी। इसके बाद से ही लगातार प्रशासन गोदाम की रेकी कर रहा था। गोदाम बंद होने के कारण प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा था।
मंगलवार को गोदाम खुलने की सूचना मिली तो डीएम पीके उपाध्याय व एसपी अजय शंकर राय समेत पूरा प्रशासनिक अमला गोदाम पर जा पहुंचा। यहां बड़े पैमाने पर नकली खाद बनाने का सामान, खाद और मशीनें बरामद हुईं। यहां एक ट्रक भी मिला, जिसमें 42 टन सैंड लदी हुई थी। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस सैंड का इस्तेमाल नकली खाद बनाने में किया जा रहा था।
गोदाम में जिंक, पोटाश, सल्फर के अलावा सरसों का बीज भी बरामद किया। डीएम के आदेश पर कृषि विभाग ने गोदाम सील कर दिया। 12 बजे शुरू हुई जांच में चार घंटे तक जहां डीएम व एसपी मौजूद रहे। कृषि विभाग, बिजली विभाग, राजस्व विभाग समेत अन्य विभाग देर रात तक जांच करते रहे।
नामी कंपनियों के पैकेट में हो रही थी पैकिंग
फैक्टरी में बनने वाली नकली खाद और सूक्ष्म पोषक तत्व नामी कंपनियों के पैकेटों में पैक की जा रही थी। जिंक जहां आईपीएल कंपनी के पैकेट में पैक की जा रही थी, तो वहीं सल्फर व अन्य खाद इफको के पैकेटों में पैक की जा रही थी। ऐसे में कहीं न कहीं कंपनियां भी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा सकती हैं।
न लाइसेंस और न बिजली कनेक्शन
जांच के दौरान प्रशासन को केवल नकली खाद बीज ही नहीं, बल्कि सब कुछ फर्जी मिला। न तो कंपनी के संचालन के लिए कृषि विभाग का लाइसेंस था और न ही बिजली का कनेक्शन लिया था। इतना ही नहीं वाणिज्य कर विभाग में फर्म का पंजीकरण नहीं कराया गया था। फिलहाल सभी विभाग मामले में जांच कर रहे हैं।
किराये पर दे रखा है गोदाम
जिस गोदाम में नकली खाद का कारोबार पकड़ा गया, वह भाजपा के पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान के भतीजे गौरव चौहान का है। गौरव चौहान की ओर से प्रशासन को उपलब्ध कराए गए किरायेनामे के अनुसार नवभारत बायो फर्टिलाइजर के संचालन के लिए कृष्णवीर निवासी बरनाहल को 17 मार्च 2018 को पांच साल के लिए ये गोदाम किराये पर दिया गया था।