आगरा में महज 15 दिन पहले बोदला मारुति एस्टेट रोड के गड्ढे भरे गए, लेकिन मंगलवार को दो जगह से इस रोड पर फिर से खुदाई कर दी गई। विनय नगर मोड़ पर सड़क की एक लेन को खोद कर छोड़ दिया गया, जिसमें पानी की पाइप लाइन भी टूट गई। सीवर और पानी की पाइप लाइन बिछाने के कारण छह माह में लगातार धंस रही बोदला रोड के गड्ढों को जलनिगम ने हाल में ही भरा था।
केवल आधा किमी की दूरी में बोदला मारुति एस्टेट रोड चार जगह से खोद दी गई। दो जगह जलनिगम ने पानी की पाइप लाइन बिछाने के कारण खुदाई की है तो दो जगह टेलीकॉम कंपनी ने खुदाई की है। क्षेत्रीय लोगों ने जब विनय नगर मोड़ पर टेलीकॉम कंपनी से खुदाई का अनुमति पत्र दिखाने की मांग की तो कंपनी के कर्मचारी दिखा नहीं सके और खोदकर चले गए। अब यहां गड्ढा खुला पड़ा है, जिसकी बेरीकेडिंग तक नहीं है।
विनय नगर, श्याम नगर, सुभाष नगर, कलाकुंज, अलबतिया रोड के लोग इसी जगह से निकलते हैं। गहरे गड्ढे की बेरीकेडिंग न किए जाने के कारण यहां हादसे की आशंका है। क्षेत्रीय निवासी आशीष वर्मा ने पार्षद और निगम के अधिकारियों को फोन से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन न बेरीकेडिंग की गई, न मिट्टी निकालने के बाद पानी का छिड़काव किया गया। इस मामले में नगर निगम के चीफ इंजीनियर बीएल गुप्ता ने कहा कि कंपनी को खुदाई की अनुमति जारी की है या नहीं, इस मामले को दिखवाएंगे। बिना अनुमति खुदाई नहीं की जा सकती। अनुमति नहीं होगी तो जुर्माना लगाया जाएगा।