कासगंज। जिले में मौसम की मार लोगों की सेहत पर लगातार वार कर रही है। वायरल बुखार पैर पसार रहा है। बुखार से लोगों का शरीर तप रहा है। 5 दिन में 1,278 लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों की है। चिकित्सक गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर रहे हैं। इलाज के साथ आवश्यक सलाह दे रहे है।
जिले में वायरल का प्रकोप एक बार फिर से शुरू हो गया है। लोग तेजी से बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक प्रभावित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। बुखार की चपेट में आने पर अभिभावक 129 बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा 139 अन्य लोग बुखार से पीड़ित अस्पताल आए। चिकित्सकों ने 66 मरीजों की रक्त की जांच कराई। बाल रोग विभाग, संक्रामक रोग विभाग में मरीजों की भीड़ देखी गई। इससे मरीजों को काफी दिक्कत हुई।