पानी की समस्या को लेकर जलकल कार्यालय का घेराव करती चौकीगेट की महिलाएं व पुरुष
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पिछले 15 दिनों से मोहल्ला चौकीगेट क्षेत्र में पानी का संकट बना हुआ है। पानी की समस्या के समाधान के लिए शनिवार को क्षेत्रीय महिलाओं ने पार्षद के साथ जलकल विभाग कार्यालय का घेराव किया।
क्षेत्रीय पार्षद मोहित अग्रवाल का कहना है कि उनके वार्ड में हनुमान जलाशय से पानी की सप्लाई दी जाती हैं। पानी के संकट को दूर करने के लिए छह इंच की पाइप लाइन डलवाई थी। जबकि इस जलाशय से दुर्गानगर और कोटला रोड के लिए भी पानी जाता हैं। इन दोनों क्षेत्रों में पानी की सप्लाई के लिए 18-18 इंच की पाइप लाइन पड़ी हैं। पाइप लाइन छोटी होने के कारण पानी की सप्लाई शुरू होने से आधा घंटे पहले चौकीगेट की सप्लाई शुरू कर दी जाती थी। जिससे पूरे क्षेत्र में पानी पहुंच जाता था लेकिन पिछले 15 दिनों से क्षेत्र में पानी का संकट खड़ा हो गया। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
चौकीगेट क्षेत्र में पानी का संकट न रहे। इसके लिए पूर्व की भांति सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए आपरेटर को निर्देश जारी कर दिए गए है।
रामबाबू राजपूत, महाप्रबंधक जलकल