चूडी कारखानेदारो के साथ बैठक करते एएलसी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शासनादेश के अनुसार चूड़ी जुड़ाई दरों में बढ़ोत्तरी को लेकर चल रही श्रमिकों की मांग और आंदोलन की भनक लगते ही जिला का श्रम विभाग सचेत हो गया है। शुक्रवार की शाम को श्रमिक बस्ती स्थित कार्यालय पर हुई बैठक के दौरान एएलसी एके सिंह ने द ग्लास सिंडकेट के पदाधिकारियों को जुड़ाई श्रमिकों को छह मई 2021 को जारी शासनादेश के अनुसार मेहनताना देने के निर्देश दिए लेकिन कारखाना संचालक नई दर से भुगतान करने से बच रहे हैं।
शासन द्वारा विगत छह मई 2021 को जारी निर्देशों के तहत फिरोजाबाद के कांच चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को प्रति सौ तोड़ा चूड़ी जुड़ाई पर तीन हजार रुपये मेहनताना दिया जाना है। कोविड संक्रमण के कारण ठप चूड़ी कारोबार के कारण कारखाना संचालक जुड़ाई श्रमिकों को संशोधित दर के अनुसार जुड़ाई का भुगतान नहीं देना चाहते। इस कारण चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों ने आंदोलन तक की चेतावनी दे दी है। शुक्रवार को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक इकाई में चूड़ी जुड़ाई ने हंगामा भी किया। वहीं इस पूरे प्रकरण में सहायक श्रमायुक्त अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार की शाम को ही द ग्लास सिडिंकेट के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। सहायक श्रमायुक्त के अनुसार बैठक में मौजूद कारखानेदारों को नए शासनादेश के अनुसार सौ तोड़ा जुड़ाई पर तीन हजार रुपये का मेहनताना देने के निर्देश दिए। बैठक में द ग्लास सिडिंकेट के अनिल कुमार जैन उर्फ पिंकी बाबू, राकेश कुमार अग्रवाल, ललितेश कुमार जैन आदि मौजूद रहे।