कासगंज। मथुरा रेल मार्ग पर मंगलवार की रात काली नदी के पास ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर जीआरपी व पुलिस के बीच सीमा विवाद चलता रहा।
इसके चलते शव चार घंटे तक रेलवे ट्रैक के पास पड़ा रहा। रेलवे कर्मियों ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। काली नदी के पास मंगलवार की रात करीब 10:15 बजे रेलवे कर्मी ने पिलर नंबर 248/11 पर एक अज्ञात युवक का शव रेलवे लाइन के पास पड़ा देखा। इसकी सूचना उसने स्टेशन पर रेलवे कर्मी को दी।
इसके बाद स्टेशन मास्टर ने युवक की मौत की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को दी। शव आउटर के पास पड़ा होने के कारण जीआरपी ने इसे कोतवाली पुलिस की सीमा में बताया। इसके बाद रेलवे कर्मियों ने शव मिलने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जीआरपी व पुलिस के बीच शव उठाने को लेकर सीमा का विवाद चलता रहा। इस कारण चार घंटे तक शव रेलवे लाइन के पास ही पड़ा रहा। रेलवे कर्मियों ने शव न उठाए जाने की सूचना पुलिस के उच्च अधिकारियों को फोन कर दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने रात 2:05 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जीआरपी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव आउटर सिग्नल से बाहर सिविल पुलिस की सीमा में पड़ा था। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी शिनाख्त की जा रही है।