आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र में कोठी मीना बाजार के पास शनिवार रात शराब के नशे में कार चालक ने स्कूटर में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार आमिर (22) की मौत हो गई। उसके माैसरे भाई अयान और अमरोहा निवासी हाफिज गुलाम रसूल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद भागे आरोपी कार चालक दीपक शर्मा और उसके साथी बिलाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मेडिकल परीक्षण में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई।
शाहगंज के हमीदनगर गड़्ढा के रहने वाले शकील अहमद ने बताया कि उनके मंझले बेटे 20 वर्षीय समीर की रविवार को बोदला निवासी युवती से सगाई होनी थी। इससे पहले उन्होंने शनिवार को मिलाद करवाई थी। मिलाद में तकरीर पढ़ने के लिए अमरोहा निवासी हाफिज गुलाम रसूल और उनके साथी छात्रों को बुलाया था। ईशा की नमाज के बाद रात 11:30 बजे हाफिज को नगला मेवाती स्थित उनके किराये के कमरे पर छोड़ने समीर की मौसी का बेटा आमिर और उनका छोटा बेटा 17 वर्षीय अयान स्कूटर से जा रहे थे।
कोठी मीना बाजार के पास सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटर में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल काॅलेज भेजा। इलाज के दाैरान देर रात आमिर ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान की हालत गंभीर है। चिकित्सकों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा है।
हादसे में हाफिज के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए और उनके सिर और आंख पर गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंचे हाफिज के परिजन उन्हें इलाज के लिए अमरोहा लेकर चले गए। शकील अहमद ने बताया कि आमिर और समीर फर्नीचर का काम करते हैं और अयान दसवीं का छात्र है। आमिर की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। रविवार को होने वाली सगाई भी टल गई।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचे आरोपी
एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही वायरलेस पर अलर्ट जारी किया था। इसके बाद पृथ्वीनाथ फाटक के पास घेराबंदी कर कार समेत चालक दीपक शर्मा और उसके साथी बिलाल को पकड़ लिया। मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होेने की पुष्टि हुई। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, लेकिन उनकी रिमांड मंजूर नहीं हुई। सोमवार को घायल के बयान के साथ आरोपियों को दोबारा कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।