दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले युवक-युवतियों को फॉर्म 6 भी भरना आवश्यक होगा। आवेदक अगर फॉर्म 6 नहीं भरता है तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनेगा। जनपद में नए मतदाताओं की संख्या में इजाफा करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यह अभियान शुरू किया है। 21 फरवरी से शुरू हुए इस अभियान में अब तक करीब 75 से ज्यादा युवाओं ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है।
आंकड़ों के अनुसार परिवहन विभाग में रोज करीब 40 से 50 युवक-युवतियां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते हैं। इसमें दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए आवेदन शामिल होते हैं। जिसमें से करीब 15 से 20 प्रतिशत लोग ऐसे होते हैं, जो पहले से ही मतदाता हैं। ऐसे में करीब 80 से 85 प्रतिशत युवक-युवतियां ऐसे हैं, जिन्होंने अभी हाल ही में 18 वर्ष की उम्र पूरी की है।
जनपद में एसआईआर प्रक्रिया के साथ ही नए मतदाता बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए 18 वर्ष उम्र पूरी करने वाले युवक-युवतियां को फॉर्म 6 भरना होता है। जिलाधिकारी की ओर से सभी तहसीलों व बूथ पर ज्यादा से ज्यादा नए मतदाता बनवाने के लिए फॉर्म 6 भरवाने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आने वाले युवाओं को फार्म 6 भरना आवश्यक कर दिया गया है। अगर वह लोग अभी मतदाता नहीं बने हैं तो विभाग लाइसेंस से पहले उनसे फार्म 6 भरवाता है। फार्म भरवाकर उन्हें निर्वाचन कार्यालय भेजा जाता है। इसके बाद यहां से फार्म संबंधित तहसील और संबंधित बीएलओ के पास जाते हैं।
21 फरवरी से शुरू हुई पहल
परिवहन विभाग में जिलाधिकारी के निर्देश पर 21 फरवरी से ये पहल शुरू हुई। इसमें अब तक करीब 75 लोगों के फार्म भर चुके हैं। रोज करीब 20 से 25 फार्म भरे जा रहे हैं। जिसमें 21 को 23, 23 को 24, 24 को 16 और 25 फरवरी को करीब 12 फार्म भरे गए। जनपद में अब तक के आंकड़ों की बात करें तो करीब 74843 फार्म 6 ऑनलाइन किए जा चुके हैं। इसमें राज करीब 900 से 1000 तक फार्म भर जाते हैं। ये आंकड़ा किसी दिन 2500 तक पहुंच जाता है। एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के साथ जो लोग 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं। उनसे फार्म 6 भी भरवाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर ये अभियान शुरू किया गया है। रोज करीब 20 से 25 फार्म भर रहे हैं।
एक जगह हुए दो काम
नगला जुला निवासी शिवांगी ने बताया कि पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस बनावाया है। इसके साथ ही मतदाता बनने के लिए फार्म 6 भरा है। अच्छा है कि दोनों काम एक ही जगह पर हो गए। वहीं भोगांव बरिहार निवासी ओमवीर ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आए तो पता चला कि नए मतदाता बनने के लिए फार्म भरना है। फार्म भरने के बाद अब मैं भी मतदाता बन जाउंगा। इस बार पहली बार वोट डालने का मौका मिलेगा।