आगरा के ताजगंज क्षेत्र के रोहता नहर मार्ग स्थित देवरी की पुलिया के पास मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में चालक की मौत हो गई। हादसे से करीब डेढ़ घंटे तक जाम भी लगा रहा, जिसमें प्रसूता को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी फंस गई थी।
प्रत्यक्षदर्शी तुलसीराम कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चालक शमसाबाद मार्ग से ग्वालियर हाईवे की ओर जा रहा था। सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसा देख गांव के लोगों ने पहुंचकर ट्रैक्टर चालक को बाहर निकाला। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद लगा जाम
सूचना पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। हादसे के दौरान कई किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया। जाम में एंबुलेंस सहित तमाम वाहन फंस गए। एंबुलेंस में एक महिला मरीज भी मौजूद थी। जो प्रसव के लिए बरौली अहीर जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरी थी।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को नहर से निकलवा कर अपने कब्जे में ले लिया पुलिस ट्रैक्टर के चेसिस नंबर व अन्य नंबरों से मृतक का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। थाना प्रभारी ताजगंज राजकुमार कुशवाहा ने बताया मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान नहीं हुई है।