कासगंज। शहर के औद्योगिक आस्थान में जल निकासी के लिए नाला नहीं है। निकासी न होने के कारण नालियों का गंदा पानी फैक्ट्रियों में भरने लगता है। यहां से निकालने वाला गंदा पानी रेलवे लाइन के पास एक गड्ढे में भर जाता है। समस्या का समाधान करने के लिए अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका व जिला पंचायत को निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने उद्यमियों की औद्योगिक आस्थान की समस्या को लेकर अभियान चलाया। लगातार प्रकाशित हुई खबरों का उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। फिलहाल फौरी तौर पर अस्थायी समाधान के निर्देश जिला पंचायत, नगरपालिका और लोक निर्माण विभाग को दिए हैं। इसके साथ ही स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण के लिए शासन में लंबित प्रस्ताव को स्वीकृत कराने की पैरवी प्रशासन की ओर से की जाएगी और यहां बड़े नाले का निर्माण कराया जाएगा।
इस नाले से औद्योगिक आस्थान सहित आसपास बस्तियों के पानी की निकासी नाले से होगी। एडीएम राकेश पटेल ने जिला पंचायत, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश पत्र जारी करते हुए कहा है कि औद्योगिक आस्थान का पानी जिस गड्ढे में जा रहा है। उस गड्ढे में नगरपालिका द्वारा कूड़ा कचरा डाला जा रहा है। इससे पानी ओवर फ्लो होकर इधर-उधर फैल रहा है।
बताया कि अशोक नगर से सलेमपुर बीबी मार्ग तक पीडब्ल्यूडी की सड़क के नीचे से तीन फीट व्यास का पाइप डालकर अस्थाई रूप से पानी निकासी की समस्या दूर की जाएगी। एडीएम ने इस संबंध में तीनों ही विभागीय अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करके समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं उपायुक्त उद्योग चंद्रभान भास्कर ने बताया कि नाला निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। जल निगम द्वारा नाले का निर्माण किया जाएगा। इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए शासन में पैरवी की जाएगी। इससे नाले का निर्माण शीघ्र हो सके।