सोरोंजी। तीर्थनगरी के वार्ड 16 के मोहल्ला रामसिंहपुरा में गलियां जर्जर हाल हैं। सड़क के गड्ढों में नालियों का पानी भर रहा है। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जल निगम ने मोहल्ला में पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन डालने के लिए चार माह पहले गलियों में सड़कों को तुड़वाया था। इसके बाद 15 दिन पूर्व पाइप लाइन डालकर गड्ढों पर मिट्टी यूं ही डलवाकर छोड़ दी है। खोदी गई सड़क का मलबा भी नहीं हटाया गया है, जिससे लोग रोजाना ठोकर खाकर चुटैल हो रहे हैं। वहीं नालियों का पानी बहकर इन पाइप लाइन के गड्ढों में भर रहा है और सड़क पर बह रहा है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि एक तो गलियां वैसे ही पतली हैं ऊपर से सड़क खोदकर मिट्टी ऊपर से यूं ही डालकर छोड़ दी है। आकाश तिवारी, महेश तिवारी, वीनेश, अमित तिवारी, गंगेश तिवारी आदि ने शीघ्र क्षतिग्रस्त गलियों के मार्ग सही कराए जाने की मांग की है।