कासगंज। जिले में अभी से बुखार पीड़ित मरीजों में मलेरिया, डेंगू के लक्षण सामने आने लगे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। डेंगू के लक्षण होने पर जिला अस्पताल ने मरीजों की जांच भी शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में अभी तक मरीजों में सर्दी, खांसी, सांस में दिक्कत या वायरल बुखार के ही लक्षण मिल रहे थे, लेकिन अब कुछ दिन से बुखार से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। उनके लक्षण डेंगू और मलेरिया बीमारी से मिलते-जुलते मिल रहे हैं। बुखार पीड़ित मरीज तेज बुखार, सिर दर्द, जोड़ों में दर्द, थकान, मतली आना जैसी शिकायतें भी बता रहे हैं। इन लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों ने मरीजों की मलेरिया व डेंगू की जांच भी शुरू करा दी है ताकि इन बीमारियों की पुष्टि होने पर उसी आधार पर इलाज किया जा सके। जिला अस्पताल में शुक्रवार को बुखार के 170 मरीज आए। इनमें से 42 मरीजों में मलेरिया तथा तीन मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले। इन मरीजों के रक्त की जांच कराई गई।