आगरा शहर में नालों के निर्माण के दौरान ठेकेदार पानी की पाइप लाइनों को तोड़ रहे हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने सुल्तानगंज की पुलिया से महाराजा अग्रसेन रोड पर निरीक्षण किया। जहां पांच माह से नाले का निर्माण हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पिछले काफी दिनों से नगर निगम के ठेकेदार नाला निर्माण के दौरान पानी की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। ठेकेदार जलकल की लाइन पर अभियंता से संपर्क नहीं कर रहे। इससे जगह जगह पानी की आपूर्ति न होने की समस्या आ रही है। इसके अलावा शहीद नगर, ईदगाह, गोबर चौकी, चमरौली में पानी की लाइनों को तोड़ दिया गया है।
पाइप लाइन तोड़कर ठेकेदार उनकी मरम्मत भी नहीं करा रहे हैं। इस मामले में नगर निगम के मुख्य अभियंता को लगातार पत्र भेजे जा रहे हैं। इसके बाद भी नालों का निर्माण कर रहे ठेकेदारों की मनमानी नहीं रुक रही है। वह अब नगर आयुक्त से मिलकर शिकायत करेंगे ताकि लोगों की परेशानी न बढ़े।