डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की एलएलबी और बीएएलएलबी की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं चार नवंबर से शुरू हो रही हैं। यह 12 नवंबर तक चलेंगी। एक पाली में दोपहर दो से शाम चार बजे तक परीक्षा होगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार के मुताबिक परीक्षा नौ केंद्रों पर आयोजित कराई जा रही है। इसमें 33 कॉलेजों के 1472 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी एहतियात अपनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कक्ष में सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए परीक्षार्थियों को बैठाया जाना है। इस बार विधि की परीक्षाएं ओएमआर शीट पर आधारित कराई जा रही हैं।
बीपीई तृतीय वर्ष की परीक्षा पांच नवंबर से
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीपीई तृतीय वर्ष की परीक्षा पांच नवंबर से शुरू होगी। यह 11 नवंबर तक चलेगी। परीक्षा के आयोजन के लिए जिलेवार नोडल केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। आगरा में डिपार्टमेंट ऑफ फिजिकल एजूकेशन छलेसर, कैंपस, मथुरा में बीएसए कॉलेज, एटा में जेएलएन कॉलेज और कासगंज में केए कॉलेज को नोडल केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार के मुताबिक नोडल केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी।