डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक-परास्नातक व अन्य पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की तिथि फिर बढ़ा दी है। छात्र अब 7 अक्तूबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। पिछली बार तिथि बढ़ने से तीन सप्ताह में 27 हजार पंजीकरण हुए थे।
विवि प्रशासन के अनुसार अब तक लगभग 1.95 लाख छात्र पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं लगभग 1.15 लाख छात्र विभिन्न महाविद्यालयों में दाखिला ले चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 6 सितंबर को समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि को 30 सितंबर किया था। इससे महाविद्यालयों में प्रवेश की संख्या बढ़ गई थी।
कई छात्र ऐसे भी थे, जिनकी परीक्षा के नतीजे रुके हुए थे। पंजीकरण तिथि बढ़ने से उनका भी प्रवेश हो पाया। इससे विवि प्रशासन ने फिर से समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाया है। वंचित छात्र इसका लाभ उठा सकेंगे।
30 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मांग
आगरा कॉलेज, आरबीएस और सेंट जोंस कॉलेज में पहले से ही सीटें फुल हो गई हैं। कॉलेज प्रशासन की ओर से प्रवेश के लिए 30 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। विवि की ओर से सीट बढ़ती हैं तो प्रतीक्षारत छात्रों के प्रवेश लिए जाएंगे।
मांग पर बढ़ाई गई
डीन अकादमिक प्रो. मनु प्रताप ने बताया कि मंडल के 528 महाविद्यालयों में लगभग 1.15 लाख छात्रों का दाखिला हो चुका है। पंजीकरण की संख्या 1.95 लाख पहुंच गई है। तिथि बढ़ाने से पहले इसकी संख्या 1.58 लाख थी। छात्रों और कई महाविद्यालयों की मांग पर तिथि को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया गया है।