कासगंज। हजारा गंग नहर में बीते दिनों से अठखेलियां करते देखे गए डॉल्फिन परिवार के संरक्षण के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम ने जिले में निगरानी बढ़ा दी है। कॉर्डिनेटर के नेतृत्व में टीम कासगंज में पहुंच गई है जो हजारा गंग नहर और कछला गंगानदी किनारे निगरानी करने लगी है। डॉल्फिन संरक्षण के लिए सबसे अधिक जोर हजारा नहर की निगरानी पर है।
समुद्री मछली डॉल्फिन बीते दिनों हजारा गंग नहर में झाल के पानी में देखी गई। डॉल्फिन का पूरा परिवार देखा गया। वन विभाग की टीम ने संरक्षण में पाया कि डॉल्फिन परिवार को झाल का गहरा पानी भाया हुआ है और वह अठखेलियां करने के बाद इसी पानी में आकर रुक जाती है। डीएफओ ने डॉल्फिन परिवार होने की जानकारी डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम को दी। अब टीम कॉर्डिनेटर नितिन कुमार के नेतृत्व में कासगंज जिले में पहुंच गई और डॉल्फिन के संरक्षण की कवायद तेज कर दी है। हजारा गंग नहर में टीम निगरानी कर रही है। देखा जा रहा है कि डॉल्फिन को किस तरह का वातावरण भा रहा है।
और भी डॉल्फिन की तलाश
एक डॉल्फिन परिवार मिलने की तो हजारा गंगा नहर में पुष्टि हो गई है। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम और वन विभाग को अभी संभावना दिखाई दे रही है कि इस गंग नहर में और भी डॉल्फिन हो सकती हैं। ऐसे में और डॉल्फिन की तलाश के लिए संरक्षण शुरू किया गया है।
वर्जन-
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के कॉर्डिनेटर के नेतृत्व में टीम संरक्षण के लिए जिले में आ गई है। वे अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं और डॉल्फिन संरक्षण में जुटे हुए हैं। - दिवाकर वशिष्ठ, डीएफओ।