शाहगंज क्षेत्र में मंगलवार रात को स्टेज पर जयमाला डालने से पहले दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया। बराती किसी तरह उसे होश में लाए, लेकिन तब तक दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर दूल्हा बिफर गया और दुल्हन के भाई को जान से मारने की धमकी दे दी। बरात को वापस ले जाने से इनकार कर दिया। 12 घंटे बाद पुलिस दूल्हे को पकड़कर ले गई। वहीं पंचायत के बाद दुल्हन का बस्ती के ही एक युवक से रिश्ता तय कर दिया गया।
शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती का रिश्ता क्षेत्र के ही एक युवक से तय हुआ था। मंगलवार रात को तकरीबन तीन बजे बरात आई। बरातियों के स्वागत के बाद जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर आ गए। इसी बीच दूल्हा बेहोश होकर गिर पड़ा। लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि दूल्हे को मिर्गी का दौरा आ गया। उसके मुंह से खून निकलने लगा। बीमारी का पता चलने पर शादी समारोह में हंगामा हो गया। दोनों पक्ष मारपीट में उतारू हो गए। वहीं बराती दूल्हे को काफी देर बाद होश में ला सके। बीमार दूल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हा पक्ष ने लड़की पक्ष पर शादी का दबाव बनाया। लोगों की पंचायत भी बुला ली। मगर, दुल्हन शादी को राजी नहीं हुई। दूल्हा अड़ गया। उसने बरात वापस ले जाने से मना कर दिया। इस पर दुल्हन ने पुलिस को सूचना दी। बुधवार दोपहर दो बजे पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाना शाहगंज ले आई। यहां पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।