कोरोना वायरस से बचने के लिए घर से बाहर जाते वक्त भी सावधानी बरतने की जरूरत है। सार्वजनिक स्थानों पर दरवाजा, हैंडल, रैलिंग समेत अन्य धातु को सीधे छूने से बचें। लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं करें, सीढ़ियों से जाएं। लिफ्ट के सीमित क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के खांसने-छींकने से वायरस के मौजूद रहने का खतरा अधिक है। हाथों को सैनिटाइज कर ही नाक, मुंह और आंखों को स्पर्श करें।
संक्रमित मरीज के खांसी-छींकने पर थूक के सूक्ष्म कण तांबे पर चार घंटे, हवा में तीन घंटे, लकड़ी पर एक दिन, प्लास्टिक और स्टील पर तीन दिन तक प्रभावी रहते हैं। इनको छूने पर हाथों के जरिये मुंह-नाक, आंख तक वायरस पहुंचने पर संक्रमण का खतरा रहता है।
ऐसे में चिकित्सक लोगों से ऑफिस, ट्रेन, बस और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी की सलाह दे रहे हैं। इनके संपर्क में आने पर हाथों को सैनिटाइज करके ही आंख-नाक और मुंह को छुएं।