आगरा में एक चिकित्सक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी की धोखाधड़ी के शिकार हो गए। 60 हजार रुपये के आईफोन की बुकिंग निरस्त कराने पर भी कंपनी की ओर से डिलीवरी दे दी गई।
चिकित्सक ने बॉक्स को कंपनी के आफिस वापस भेजकर अपनी जमा रकम वापस मांगी। कंपनी कर्मियों ने बताया कि बाक्स खाली है। इसके चलते वह अपनी रकम पाने के लिए दो महीने से भटक रहे हैं।
बता दें कि चिकित्सक ने दो महीने पहले आईफोन बुक कराया था। इसके लिए 60 हजार रुपये आनलाइन जमा करा दिए। मगर, मोबाइल सेट का रंग पसंद न होने पर कुछ दिन बाद ही उसकी बुकिंग निरस्त करा दी।
फोन पर कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि 15 दिन में जमा रकम को वापस कर दिया जाएगा। कोरियर कंपनी से सेट वापस मंगा लिया जाएगा। दस दिन बाद चिकित्सक के घर एक बॉक्स भेज दिया गया।
जब उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को बताया तो उन्होंने बॉक्स को बिना खोले ही आफिस भेजने के लिए कहा। चिकित्सक ने बॉक्स को कंपनी के आफिस कोरियर कर दिया।
बाद में कंपनी के कर्मचारियों ने फोन पर बताया कि बाक्स खाली है। उसमें मोबाइल नहीं निकला है। इस पर चिकित्सक ने कहा कि उन्होंने जैसा बाक्स आया था वैसा ही भेजा है।
साइबर सेल में की शिकायत
उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने रकम वापस मांगी। इस पर कर्मचारियों ने कह दिया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। तब से चिकित्सक भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने साइबर क्राइम सेल में शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोरियर कंपनी के बारे में पता किया जा रहा है।