मैनपुरी। चेकिंग के नाम पर पुलिसकर्मी बेवजह लोगों को परेशान न करें। आपराधिक तत्वों की तलाश व चेकिंग करें। शुक्रवार को एसपी ने कहा कि पुलिस का ध्यान आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई पर होना चाहिए। न कि चेकिंग और जुर्माना वसूलने तक ही सीमित रहे।
अक्सर वाहन चेकिंग के नाम पर वाहन स्वामियों को पुलिस का सख्त रवैया देखने को मिलता है। फिर चाहे व्यक्ति अपने परिवार के साथ जा रहा हो, या वह नगर का कोई संभ्रांत व्यक्ति हो। पुलिस चालान और जुर्माना वसूलने पर ही अधिक ध्यान दे रही है। लेकिन अब चेकिंग के नाम पर लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को एसपी अशोक कुमार राय ने साफ कर दिया कि पुलिस अपना काम करेगी।
बेवजह संभ्रांत लोगों को रोक कर उलझने वाले पुलिसकर्मी सुधार कर लें। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों व सही लोगों के बीच फर्क करना सीख लें। चेकिंग के दौरान किसी को भी अनावश्यक परेशान न किया जाए। पुलिस को अपराध व अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करनी है, न कि जनता को रोक कर परेशान करना। इसलिए याद रखें अपना काम करें। लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें कि जनता को परेशानी न हो। एसपी ने साफ कर दिया कि यदि शिकायत मिलीं और सत्यता पाई गई तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
्र