17एमएनपी-44-ईसन नदी की सफाई करवाते जिलाधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। ईशन नदी की सफाई अब अंतिम दौर में है। सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने अपने सामने ईशन नदी की जेसीबी से सफाई कराई। करबला से लेकर जेल रोड पुल तक उन्होंने साफ-सफाई का काम कराया। उन्होंने नदी को गंदा न करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जेल रोड पुल से करबला तक सफाई कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। करबला नाले का पानी जो उल्टा बह रहा था, आज सफाई के बाद वह सही दिशा में बहने लगा है। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने नदी की सफाई में श्रमदान किया तो कई व्यक्तियों द्वारा आर्थिक मदद भी की जा रही है लेकिन अभी भी कुछ लोगों की मानसिकता में बदलाव नहीं हो रहा है। कुछ लोग नदी के किनारे अभी भी गंदगी कर रहे हैं, नदी के किनारे खुले में शौच किया जा रहा हैं। आज करबला के पास सफाई के दौरान कई स्थानों पर खुले में शौच पाया गया। उन्होंने करबला के समीप से आने वाले नाले में जाली लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, लेखपाल पुष्पेंद्र चौहान आदि उपस्थित रहे।