मंदिर में तैयारियों का जायजा लेते अफसर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में शिव मंदिरों और आसपास की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त निकले। उन्होंने सावन का पहला सोमवार पर मंदिर और कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कैलाश मंदिर में पूजा भी की।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह ने कैलाश मंदिर और बल्केश्वर मंदिर में परिसर और यमुना घाट पर तैयारियों का जायजा लिया। महंतों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं। नगर निगम को रैंप, बैरिकेडिंग बनाने के निर्देश दिए।
राजेश्वर मंदिर में भी दोनों अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी मंदिरों में सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती, कांवड़ियों के प्रवेश व निकास के लिए अलग बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन व रूट डायवर्जन के निर्देश दिए गए हैं। कैलाश घाट और पार्वती घाट पर बैरिकेडिंग, पीएसी, जल पुलिस, निजी गोताखोरों, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश हैं।
उन्होंने बताया कि यातायात सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी, साथ ही यातायात व सिविल पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। मंदिरों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत, उचित साफ-सफाई, पेयजल व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी, अपर नगरायुक्त शिशिर सिंह, उपजिलाधिकारी सचिन राजपूत, महंत निर्मल गिरि, प्रधान भारत गिरि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।