आगरा में छह दिन बाजार खुलेंगे तो संक्रमण और बढ़ेगा। जिलाधिकारी का कहना है कि 55 घंटे की जगह 24 घंटे की साप्ताहिक बंदी में अब वायरस की चेन नहीं टूट पाएगी। ऐसे में अब बाजारों में पहले से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
सोमवार से शनिवार तक 12 घंटे बाजार खुलेंगे। शनिवार को सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज होगा। ऐसे में प्रशासन के सामने अब वायरस की चेन तोड़ने की चुनौती होगी। इस संबंध में डीएम प्रभु एन सिंह ने कहा कि 24 घंटे की बंदी से चेन नहीं टूटेगी। लोगों को खुद ही अपना बचाव करना होगा।
बाजारों में बिना मास्क न जाएं। जो दुकानदार मास्क नहीं पहने, उनसे खरीदारी नहीं करें। उन्होंने कहा कि वायरस की चेन तोड़ने के लिए कम से कम 48 घंटे का समय होना चाहिए। शासन के निर्देश पर अब छह दिन सभी बाजार खुले रहेंगे। सभी बाजारों में अब एक दिन रविवार की साप्ताहिक बंदी होगी।
250 दुकानों पर हो चुकी कार्रवाई
जुलाई में कोतवाली व जौहरी बाजार में संक्रमण फैल चुका है। तब जौहरी बाजार में 11 और कोतवाली मार्केट में आठ दुकानदार संक्रमित मिले थे। इनके अलावा लोहामंडी, प्रतापपुरा, शाहगंज, बोदला, छीपीटोला और राजामंडी क्षेत्र में 250 दुकानों पर नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई हो चुकी है।