मैनपुरी। प्रकाश का त्योहार दिवाली जिले भर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कोविड-19 के बीच लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। दीपों से शहर जगमगाता नजर आया। देर रात तक आतिशबाजी से वातावरण गूंजता रहा।
शनिवार को दिन भर घरों में रौनक रही। लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और भवनों में श्रीगणेश और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। शाम होते ही पूरा जनपद सप्तरंगी प्रकाश से जगमगा उठा। लोग एक-दूसरे को समृद्धि और खुशहाली की शुभकामनाएं देते रहे। बाजार भी गुलजार रहे। शाम तक लोग खरीदारी करने पहुंचते रहे।
आतिशबाजी और मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ रही। शाम होते ही दुकानों और मकानों पर सजाई गई बिजली की झालरें जगमगाने लगीं। भगवान गणेश और माता लक्ष्मी का घर-घर में विधि-विधान से पूजन किया गया। दीपकों को घर के अंदर मुख्य स्थानों पर और बाहर चबूतरों एवं छतों पर कतारबद्ध ढंग से रखकर सजाया गया। बच्चे फुलझड़ी चलाते हुए दिखाई दिए।
कई स्थानों पर लगे जुए के फड़
दिवाली पर कई स्थानों पर जुए के फड़ लगे नजर आए। जीतने वाले के लिए दिवाली शुभ रही तो किसी ने हजारों रुपये गंवा कर अपनी दिवाली को फीका कर लिया।
शहरी इलाकों में दिखा जागरूकता का असर
पर्यावरण रक्षा के लिए शहरी इलाकों में जागरूकता का असर दिखाई दिया। शहरी क्षेत्रों में 10 प्रतिशत लोगों ने प्रदूषण को बचाने के लिए पटाखामुक्त दिवाली मनाई। वहीं ग्रामीण अंचल में लोगों ने जमकर पटाखे चलाए।
तीन करोड़ की मिठाई की हुई खरीद
दिवाली पर मिठाई विक्रेताओं को बड़ा लाभ हुआ। जिले भर में करीब तीन करोड़ के लगभग मिठाई की बिक्री की गई। शहर के प्रमुख मिठाई के प्रतिष्ठानों पर शनिवार को जमकर भीड़ देखी गई। इस साल पिछले सालों की अपेक्षा मिठाई की अधिक खरीद हुई। मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों पर मिठाई लेने के लिए लगी लोगों की लाइनें देख विक्रेताओं के चेहरे पर प्रसन्नता देखी गई।
दो लाख के फूलों की भी हुई बिक्री
दिवाली पर घरों में पूजा अर्चना और घरों को सजाने के लिए लोगों ने जमकर फूलों की खरीदारी की। शहर के प्रमुख स्थान संता बसंता चौराहा, घंटाघर चौराहा, करहल रोड और क्रिश्चियन तिराहा, पंजाबी कॉलोनी आदि स्थानों पर फूलों की दुकानों पर शनिवार को देर शाम तक भीड़भाड़ नजर आई। करीब दो लाख रुपये के फूलों की फूल विक्रेताओं ने बिक्री की।