एक ओर सरकार द्वारा गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चलायी जा रही है। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे भी गरीब हैं, जिन्हें आवेदन के बावजूद आवास नहीं मिल सका है। आगरा के कस्बा फतेहाबाद निवासी दिव्यांग दंपति भी इन्हीं हालातों में जिंदगी गुजर बसर कर रहे हैं।
कस्बा के मोहल्ला जाटवान कलां में रहने वाले दिव्यांग दंपति रामअवतार व उनकी पत्नी रामबेटी को ठंड की रात छोटे से कमरे में गुजारनी पड़ रही है। दिव्यांग ने प्रधानमंत्री आवास के लिए दो-दो बार आवेदन किया, पर अभी तक आवास की धनराशि नहीं मिल सकी है।
मोहल्ले की एक संकरी सी गली में बने चबूतरे पर उनका एक झोपड़ीनुमा कमरा है। दंपति गर्मी, बरसात, ठंड के मौसम में वर्षों से अपना जीवन बिता रहा है। पति दिव्यांग होने के बावजूद मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा है।