उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लाटरी के माध्यम से भी आवासीय संपत्तियों की बिक्री की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर नाराजगी जताई। एजेंसी के माध्यम से आवासीय प्लाटों की बिक्री के निर्देश दिए। मुक्त कराई गई 190 करोड़ रुपये की जमीन पर फेंसिंग कराकर नई योजना तैयार करने के लिए कहा। ताज के आसपास सुविधाएं बढ़ाने पर भी बल दिया।
इस पर उन्होंने रिक्त संपत्तियों की बिक्री एजेंसी के माध्यम से कराने को कहा। व्यावसायिक संपत्तियों की बिक्री करने के लिए बिल्डरों के साथ बैठक करके योजना बनाएं। शहर के लोकेशन के अनुसार थीम बेस्ड पेंटिंग की डिजायन फाइनल करने के निर्देश दिए।
ट्रांसपोर्ट नगर, कैटल कॉलोनी, पेठा नगरी और जूता मंडी से संबंधित अभी तक समस्याओं का हल न होने एवं संपत्तियों की बिक्री न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कैंप लगाकर बकाएदारों से वसूली करने, बड़े डिफॉल्टरों के सभी आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए।
एडीए कार्यालय पर एक पब्लिक फैसिलिटी सेंटर बनाने के निर्देश दिए। यहां आने वाले लोगों की सभी समस्याओं का समाधान और एडीए से जुड़ी सभी सेवाओं की जानकारी मिले। अवैध निर्माण में से सिर्फ 89 निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई पर नाराजगी जताई। पिछले एक साल में 84 नए अवैध निर्माण खड़े हो जाने पर मंडलायुक्त ने जवाब तलब किया।