आगरा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलीय सूक्ष्म एवं लघु उद्यम फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक हुई। बैठक में एमएसएमई इकाइयों के लगभग 16 प्रकरणों पर विस्तृत सुनवाई की गई। हर मामले में दोनों पक्षों ने अपने-अपने अभिलेखों के साथ काउंसिल के समक्ष जवाब दाखिल किए, जिस पर मंडलायुक्त ने बारीकी से चर्चा की।
सुनवाई के दौरान जिन प्रकरणों में किन्हीं कारणों से दूसरा पक्ष उपस्थित नहीं हो सका, उनमें मंडलायुक्त ने अगली तिथि तय की। वहीं, तीन मामलों में सामग्री आपूर्ति की गुणवत्ता या तकनीकी कारणों से भुगतान रोकने से संबंधित दलीलें रखी गईं। इन पर पूरी सुनवाई के बाद मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि दोनों पक्षों के अभिलेखों पर विचार कर काउंसिल अगली तिथि पर अपना अंतिम निर्णय जारी करेगी।