आगरा। फतेहाबाद रोड पर शिल्पग्राम परिसर में यूनिटी मॉल के निर्माण की सुस्त रफ्तार पर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। सोमवार को निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त ने कार्य की सुस्त रफ्तार देख कार्यदायी संस्था को जमकर फटकार लगाई। साथ ही कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता और नवंबर की समय सीमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। करीब 128 करोड़ की लागत वाली इस भव्य परियोजना में बेसमेंट सहित चार मंजिला इमारत, ई-चार्जिंग स्टेशन, लैंडस्केप और चिल्ड्रन प्ले एरिया प्रस्तावित है। वर्तमान में 5.50 एकड़ भूमि पर बेसमेंट का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान निर्माण खंड ने पार्किंग के लिए शेष छह एकड़ भूमि की मांग उठाई। मंडलायुक्त ने पर्यटन विभाग को तत्काल भूमि हस्तांतरित करने और पार्किंग की व्यवस्था अन्यत्र करने के आदेश दिए। मौके पर संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।