आगरा। बिना पूर्व सूचना के यातायात पुलिस ने हरीपर्वत चौराहे को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया। अचानक हुए डायवर्जन से सुबह से देर शाम तक सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को काफी घूमकर अपने गंतव्य के लिए जाना पड़ा। स्कूलों की छुट्टी के समय हालात खराब हो गए। भीषण गर्मी में डायवर्जन के कारण सबके पसीने छूट गए।
हरीपर्वत के दिल्ली गेट क्षेत्र पर सीएम ग्रिड योजना का काम चल रहा है। चौराहे पर मेट्रो ने भी बैरिकेडिंग लगा रखी है। इसके कारण चौराहे पर रोजाना जाम के हालात रहते हैं। इसका असर आसपास के क्षेत्रों पर भी पड़ता है। यातायात पुलिस ने निर्माण कार्य को देखते हुए मंगलवार को नया प्रयोग कर डाला। हरीपर्वत चौराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी। इसके चलते दिल्ली गेट से हरीपर्वत होकर सेंट जोंस चौराहे की ओर जाने वालों के पास आरबीएस या बाग फरजाना रोड होकर जाने का विकल्प रह गया। एमडी जैन से दिल्ली गेट जाने के लिए सेंट जोंस पुलिया से यू-टर्न या फिर संजय प्लेस के अंदर से होते हुए स्पीड कलर लैब चौराहे से बाग फरजाना होकर जाने का विकल्प बचा। बिना पूर्व सूचना के हुए डायवर्जन के कारण दिनभर हरीपर्वत चौराहे पर वाहनों की लाइन लगी रही। तमाम राहगीरों को चौराहे पर आकर लौटना पड़ा और काफी लंबा रास्ता तय कर अपने गंतव्य को जाना पड़ा।
यातायात पुलिस ने डायवर्जन भले ही आम लोगों को राहत देने के लिए किया था लेकिन पूर्व सूचना नहीं होने के कारण वाहन फंसे। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूलों की छुट्टी के समय हुई। क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों के छात्र हरीपर्वत होकर आते-जाते हैं। सुबह जब अभिभावक और स्कूली वाहन चालक छात्र-छात्राओं को स्कूल छोड़ने आए तो चौराहा खुला था। जब छुट्टी के समय लौटने लगे तो डायवर्जन के कारण घूमकर आना पड़ा और जाम में भी फंसे।
डायवर्जन से मिलेगी राहत
एसीपी ट्रैफिक अलका ने बताया कि चौराहे पर दिल्ली गेट की ओर विकास कार्य के चलते दिक्कत है। चौराहे पर मेट्रो की बैरिकेडिंग है। इस कारण लोगों को भी परेशानी हो रही थी। जाम की स्थिति बनी रहती थी। मंगलवार को जाम लगने के कारण ट्रैफिक टीम ने बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया था। इससे ट्रैफिक आसानी से निकल पाया। कुछ समय वाहनों के दबाव के कारण धीमा ट्रैफिक चला था। डायवर्जन उपयोगी रहा तो इसे लागू किया जाएगा।