शमसाबाद। जिले के जल संकट और किसानों की समस्याओं के निदान के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। जिले के समग्र विकास के लिए मांगपत्र सौंपा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की भारी किल्लत है। उन्होंने जिला पंचायत को ग्राम स्तर पर सबमर्सिबल पंप, टंकी और सोलर जल मीनार स्थापित करने की अनुमति मांगी। उटंगन नदी पर बांध, यमुना की सफाई, सिल्ट हटाने और ताजमहल के डाउनस्ट्रीम में प्रस्तावित बैराज के निर्माण की मांग रखी गई। कौलारा कला में बने पॉलिटेक्निक कक्षाओं को संचालित करने ललितपुर की तर्ज पर फार्मा पार्क स्थापित करने की मांग की। साथ ही आलू का भाव 1500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने, परिवहन पर सब्सिडी देने एवं कोल्ड स्टोरेज को बिजली बिल में राहत देने की मांग की गई है। संवाद