मैनपुरी। किशनी क्षेत्र के जिला पंचायत प्रत्याशियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर मतगणना में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने दोबारा मतगणना की मांग की। इसके लिए उन्होंने अपर जिलाधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रत्याशियों ने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
किशनी क्षेत्र से जिला पंचायत का चुनाव लड़ने वाले चार प्रत्याशी सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। इसमें वार्ड दो से निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र यादव, प्रीती यादव के अलावा वार्ड चार से प्रत्याशी अंकित यादव और हृदेश कुमार शामिल रहे। सभी ने किशनी में हुए पंचायत चुनाव की मतगणना में आरओ पर गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने दोबारा मतगणना कराने की मांग की। अपर जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि आरओ किशनी का मतगणना में गड़बड़ी करने का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसी कारण दोबारा मतगणना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि किशनी में एक प्रत्याशी के कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया और मतगणना स्थल भी बनाया गया, जो पूरी तरह गलत था।