एटा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में जिले की नगर पालिका व नगर पंचायत ने ओडीएफ प्लस व ओडीएफ प्लस-प्लस में हिस्सा लिया था। तीन नगर पंचायतों ने ओडीएफ प्लस की परीक्षा तो पास कर ली लेकिन ओडीएफ प्लस-प्लस की परीक्षा में कोई भी नगर पालिका व नगर पंचायत पास नहीं हो सकी। जिससे नगर पालिका व नगर पंचायत की रैंक पर असर पड़ने वाला है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में तीन नगर पालिका व पांच नगर पंचायतों ने हिस्सा लिया है, वहीं पिछले साल अक्तूबर व नवंबर माह में ओडीएफ प्लस व ओडीएफ प्लस-प्लस और वाटर प्लस में हिस्सा लिया था जिसका परिणाम घोषित हो चुका है। नगर पंचायत अवागढ़, अलीगंज और जैथरा ओडीएफ प्लस में तो पास हो गईं लेकिन ओडीएफ प्लस-प्लस और वाटर प्लस में फेल हो गईं हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में कम हो गए 1400 अंक
स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पंचायत व नगर पालिका के ओडीएफ प्लस में पास होने पर 3 सौ अंक, ओडीएफ प्लस-प्लस पास होने पर 5 सौ अंक और वाटर प्लस में पास होने पर 9 सौ अंक जुड़ जाते हैं लेकिन नगर पंचायत के सिर्फ 3 सौ अंक ही स्वच्छता सर्वेक्षण में जुड़ेंगे।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट न होने की वजह से हुई फेल
नगर पंचायत अवागढ़, जैथरा और अलीगंज में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालित न होने की वजह से ओडीएफ प्लस-प्लस में फेल हो गई। ओडीएफ प्लस-प्लस में जिले में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को देखा जाता है जहां पर कूड़ा निस्तारण के पास पानी को भी शुद्ध किया जाता है।
- सुरजीत सिंह, डीपीएम, स्वच्छता सर्वेक्षण