कासगंज। कोविड महामारी के नियंत्रण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम 9 गठित की गई है। यह टीम चिकित्सालयों में आईसीयू व ऑक्सीजन युक्त बेडस की व्यवस्था, एंबुलेंस सेवाओं की सुचारू व्यवस्था, ऑक्सीजन की निर्वाध आपूर्ति, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगी। ताकि महामारी से निपटने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके अतिरिक्त टीम की ओर से लोगों का आवागमन नियंत्रित करने, जनपद में इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्थायें बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने कार्य भी देखा जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए है कि चिकित्सा व चिकित्सा शिक्षा विभागों के अस्पतालों एवं मेडीकल कालेजों की ओर से जनमानस को सभी चिकित्सा सुविधायें समय से मुहैया कराई जाएं। औद्योगिक इकाइयों को संचालित रखने एवं वहां पर काम कर रहे मजदूरों की समस्यों के तत्काल समाधान एवं जनसामान्य से लगातार संवाद बनाये रखने आदि महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं के लिये वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अपर जिलाधिकारी एके श्रीवास्तव, सीएमओ डा. अनिल कुमार, डिप्टी सीएमओ डा. अविनाश, एसीएमओ डा. एसपी सिंह, डा. अतुल सारस्वत, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, एएसडीएम, सीओ, डीपीआरओ, डीएसओ, उपायुक्त उद्योग, एआरटीओ, सहायक श्रम आयुक्त, औषधि निरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को टीम में लगाकर जिम्मेदारियां दी गई हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कोविड संक्रमण को रोकने के लिए सभी अधिकारी टीम भावना के साथ प्रभावी कार्यवाही करें।