मैनपुरी। पंचायत चुनाव के लिए जिले को 122 सेक्टर और 24 जोन में बांटा गया है। अपने-अपने क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहेंगे। वे मतदान केंद्रों पर होने वाली हर एक गतिविधि की अपडेट लेकर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे। कहीं भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई भी की जाएगी।
19 अप्रैल को जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन जुटा हुआ है। जिले के नौ ब्लॉकों के 549 ग्राम पंचायतों में 1800 से अधिक मतदेय स्थलों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न होनी है। ऐसे में सभी मतदान केंद्रों पर नजर बनाए रखने के लिए जिले को सेक्टर और जोन में बांटा गया है। सभी क्षेत्रों से एसएचओ, सीओ और एसडीएम की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने सेक्टर और जोन निर्धारित किए हैं।
इसके आधार पर जिले को 122 सेक्टर और 24 जोन में बांटा गया है। सभी सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोन में जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट जहां सीधे मतदान केंद्रों से जुड़े रहेंगे तो वहीं जोनल मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेटों से पल-पल की अपडेट लेंगे। कहीं भी कोई गड़बड़ी या समस्या की सूचना मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचने के साथ ही अधिकारियों को भी अपडेट करेंगे। इससे जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जा सकेगी।
अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करेंगे सभी मजिस्ट्रेट
मतदान से पहले सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके क्षेत्रों का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। इससे एक ओर जहां वे अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति से वाकिफ हो जाएंगे तो वहीं दूसरी ओर वहां उपलब्ध व्यवस्थाएं भी देख सकेंगे। अगर कहीं कोई कमी या समस्या है तो उसे समय रहते सुधारा जा सकेगा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की स्वीकृति पर जिले को 122 सेक्टर और 24 जोन में बांटा गया है। सभी में मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जो पूरी मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
ईशा प्रिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी