ढोल नगाड़ों के साथ जिला बदर को जिले की सीमा से बाहर भेजा
- गांव रसूलपुर का है आरोपी, कार्रवाई के दौरान सीओ व पुलिसबल रहा मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना बरनाहल पुलिस ने मंगलवार को एक जिला बदर को ढोल नगाड़ों के साथ जनपद की सीमा से बाहर छोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान सीओ करहल संतोष कुमार सिंह व पुलिसबल मौजूद रहा। टिकट देकर तड़ीपार को बस में बैठाया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की ओर से विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने को लेकर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी अंजनी कुमार समाज के बीच भय का भय का माहौल बनाने वालों पर कार्रवाई जारी रखे हुए हैं। मंगलवार को बरनाहल पुलिस ने गांव रसूलपुर निवासी प्रमोद कुमार उर्फ पीके के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की। इस दौरान बैंडबाजे के साथ मुनादी कराई गई और जिला बदर को पुलिस बल और ग्रामीणों के साथ गांव की सीमा से बाहर ले जाकर जनपद फिरोजाबाद की सीमा में भेजा गया है।
सीओ करहल ने बताया कि प्रमोद के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, जानलेवा हमला सहित करीब 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएम के आदेश के क्रम में तड़ीपार किए जाने की कार्रवाई अमल में लाई गई है। जिला बदर को मुनादी कराने के साथ ही जनपद की सीमा से बाहर बस के माध्यम से भेजा गया है। चेतावनी दी है कि 6 माह में यदि वह जनपद की सीमा में दिखा तो कड़ी कार्रवाई होगी।