आगरा। सदर थाना के सोहल्ला क्षेत्र में माता-पिता के बीच रोजाना हो रहे झगड़े से बेटी इतनी क्षुब्ध हो गई कि उसने फंदे से लटककर जान दे दी। परिजन ने शव को फंदे से उतारा और पड़ोसियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर के सोहल्ला क्षेत्र में झांसी के मूल निवासी छोटू किराए पर रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं और पत्नी घरों में काम करती है। पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता था। मंगलवार शाम घर में क्लेश हुआ तो बेटी 18 वर्षीय वर्षा ने समझाया। इसके बाद वह गुस्से में पास ही रहने वाले चाचा के घर चली गई।
बुधवार सुबह जब लौट कर आई तो माता-पिता में फिर झगड़ा होने लगा। गुस्से में मां काम पर चली गई और पीछे से पिता भी चले गए। जब दोनों लौट कर आए तो कमरे में दुपट्टे से बने फंदे से बेटी का शव लटका देखा। सदर के थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।