आगरा। शहीद नगर इलाके में ज्योति नगर और बैंक कॉलोनी के बीच रास्ते के विवाद में तनाव का माहौल है। शुक्रवार आधी रात दीवार बनाकर रास्ता रोक दिया गया। मिश्रित आबादी की वजह से दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शनिवार को पूरे दिन समझौते के प्रयास में सफलता न मिलने पर देर रात पीएसी तैनात कर दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ज्योति नगर और बैंक कॉलोनी के बीच करीब 30 फीट चौड़ा रास्ता पिछले 35 वर्षों से उपयोग में है। इसी रास्ते से प्रतिदिन 400 से अधिक स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं और यह मार्ग बैंक कॉलोनी होते हुए सौ फीट रोड से जुड़ता है। लोगों का आरोप है कि शुक्रवार आधी रात को बैंक कॉलोनी के लोगों ने अचानक दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया।
शनिवार सुबह दीवार की जानकारी मिलते ही ज्योति नगर के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उनका कहना है कि संबंधित भूखंड का बैनामा रास्ते के रूप में दर्ज है और वर्षों से आमजन इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहा है। दूसरी ओर बैंक कॉलोनी पक्ष का कहना है कि उन्होंने आगरा विकास प्राधिकरण के स्वीकृत नक्शे के आधार पर दीवार का निर्माण कराया है। पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य होने से माहौल और संवेदनशील हो गया।
इस मामले में एसीपी इमरान अहमद का कहना है कि ज्योति नगर के लोगों को सोमवार को बुलाकर उनका पक्ष सुना जाएगा। फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस और पीएसी की तैनाती है।