मिलिट्री डेयरी फार्म की भूमि पर विवाद को लेकर भाजपा विधायक के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोग जिलाधिकारी से मिले। क्षेत्रीय लोग इस भूमि पर आजादी से पहले से रहते आने की दलील दे रहे हैं।
आगरा के सेवला स्थित मिलिट्री डेयरी फार्म की भूमि पर सेना अपना दावा कर रही है। क्षेत्रीय लोग इस भूमि पर आजादी से पहले से रहते आने की दलील दे रहे हैं। सोमवार को प्रभावित क्षेत्रीय लोगों ने भाजपा विधायक के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात की। भूमि की जांच के लिए संयुक्त सर्वे कराने की मांग रखी गई।
विज्ञापन
छावनी क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी को बताया कि सेवला, खसरा संख्या 51, 52, 53, 58, 59 और 60 में मालिकाना हक को लेकर विवाद है। जमीन पर आबादी बसी है। लोगों का कहना है कि 1947 से उनके मकान बने हुए हैं।
इधर, सेना भूमि को अधिगृहीत बता रही है। सेना ने भूमि और रास्ते में मुड्डियां लगा दी हैं। विधायक का आरोप है कि सेना के अधिकारी मकान तोड़ने व रास्ते बंद करने की धमकी लोगों को दे रहे हैं। 15 अप्रैल को सेना के अधिकारी बुलडोजर लेकर पहुंच गए थे। क्षेत्रीय लोगों के एकत्र होने पर बमुश्किल सेना लौटी।
डीएम ने एसडीएम सदर को बुलाया। रक्षा संपदा अधिकारी के साथ संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजेंद्र सिंह, विजय कश्यप, वीरू पाराशर, शशिकांत शर्मा, सूबेदार राम अवतार सिंह, गौरी शंकर, योगेंद्र सिंह, राजकुमार चाहर आदि मौजूद रहे।