करहल। थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय भटेला में मंगलवार की रात दो पक्ष के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया।
मामले में एक पक्ष से फकद्दीन ने तहरीर दी। बताया कि मंगलवार की रात वह अपने दरवाजे पर बैठा हुआ था। तभी परिवार के नामजद लोग वहां आए और गालीगलौज करने लगे। जब उसने मना किया तो उसे पीटकर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष से नफीसा बेगम ने तहरीर दी। बताया कि विपक्षी व उसके साथी उसके भाई पप्पू को पीट रहे थे। जब वह बीच बचाव करने गई तो गालीगलौज करते हुए उसकी पिटाई की गई। शोर शराबा सुनकर लोगों के आने पर आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद तीनों घायलों का मेडिकल कराया। वहीं, तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।