मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचने पर बृहस्पतिवार को काउंसलर्स ने दोनों का समझौता कराया। काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि दंपती की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। पति का आरोप है कि एक दिन बाहर से खाना मंगवाया तो पत्नी रोज-रोज बाहर से खाना मंगवाने की मांग करने लगी। इसी बात पर झगड़ा हुआ। पत्नी का कहना है कि मेरी तबीयत खराब थी, इसीलिए मंगवाने के लिए कहा था। काउंसलर के समझाने पर पत्नी मान गई और पति के साथ जाने के लिए तैयार हुई।
हील सैंडिल दिलाने की कहने पर मानी पत्नी
वहीं हाई हील की शौकीन पत्नी को पति ऐसी सैंडिल नहीं पहनने देता था। इसी से नाराज होकर पत्नी मायके चली गई। परिवार परामर्श केंद्र पर पत्नी ने आरोप लगाया कि वह शादी से पहले हाई हील पहनती थी, लेकिन पति पहनने ही नहीं देते। पति का कहना है कि एक बार पत्नी ने हील पहनी थी तो पैर में चोट लग गई थी। इसीलिए नहीं पहनने देता। काउंसलर के समझाने पर पति हाई हील की सैंडिल दिलाने के लिए राजी हुआ। इस पर दोनों में समझौता हुआ। बृहस्पतिवार को परामर्श केंद्र में 35 दंपतियों की काउंसिलिंग कराई गई, जिसमें से 20 जोड़ों के बीच समझौता करा दिया गया।