मथुरा। जमुनापार डंपिंग ग्राउंड पर पड़े 100 टन से अधिक कूड़े का निस्तारण अब शासन द्वारा खुद किया जाएगा। निगम द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने खारिज कर दिया है। निगम ने कूड़ा निस्तारण का प्रस्ताव शासन को भेजा था ।
नगर पालिका मथुरा के समय में शहर में ही कूड़ा जगह-जगह पर डाला जाता था । शहर से दूर कूड़ा डालने के लिए पालिका ने करीब दस वर्ष पूर्व जमुनापार के डंपिंग ग्राउंड का चयन किया। कूड़े के निस्तारण के लिए एक कंपनी का चयन भी किया गया लेकिन इस कंपनी ने कार्य नहीं किया। जिसके चलते डंपिंग ग्राउंड में कूड़े का निस्तारण नहीं हो सका और दिन प्रतिदिन कूड़े का ढेर बढ़ता ही गया। वर्तमान में इस स्थान पर करीब 100 टन कूड़ा पड़ा है।
गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । कभी-कभी कूड़े के ढेर में आग भी लग जाती है। जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने शासन से की थी। निगम अधिकारियों ने डंपिंग ग्राउंड से कूड़ा उठाने के लिए शासन को अलग से प्रस्ताव भेजा। शासन ने इस पर निर्णय लेते हुए निगम द्वारा भेजा गया प्रस्ताव खारिज कर दिया तथा खुद ही ठेका उठाकर उक्त कूड़े का निस्तारण करने की बात कही । संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि निगम द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने अस्वीकार कर दिया है अब शासन खुद इस कूड़े के निस्तारण के लिए ठेका उठाएगा।