आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बाबा साहब की 135वीं जयंती के अवसर पर ‘आंबेडकर चेयर’ की ओर से बुधवार राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। समकालीन भारत में सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण पर डॉ. आंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में विशेषज्ञों और छात्रों ने अपने विचार रखे।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी सामाजिक समरसता और महिला सशक्तीकरण के लिए प्रासंगिक हैं। मुख्य वक्ता प्रो. मनीष कुमार वर्मा और प्रो. राजीव कुमार ने सामाजिक न्याय और महिला अधिकारों पर विचार रखे। संगोष्ठी में एमएसडब्ल्यू के छात्रों ने बाबा साहब के सिद्धांतों को समाज कार्य के क्षेत्र में मार्गदर्शक बताया। स्वागत भाषण समन्वयक प्रो. रणवीर सिंह ने और संचालन डॉ. मो. हुसैन ने किया। इस मौके पर डॉ. राजीव वर्मा, डॉ. राजेश कुशवाहा, डॉ. मनोज राठौर, शोधार्थी नरेश कुमार, स्वाति राजपूत और ऐश्वर्या सिंह आदि मौजूद रहे।