कासगंज कछला गंगा में बढ़ा जलस्तर ।संवाद
कासगंज। पहाड़ों पर हुई जबरदस्त बारिश के बाद से गंगा के डिस्चार्ज में बढ़ोत्तरी हो गई है। पिछले 24 घंटे में हरिद्वार के भीम गोड़ा बैराज से गंगा में पानी का डिस्चार्ज दोगुने से अधिक हो गया। बिजनौर बैराज पर हरिद्वार के डिस्चार्ज से दबाव बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में बिजनौर से नरौरा बैराज और जिले के लिए जलस्तर में वृद्धि का अलर्ट जारी किया गया है। जिले में बढ़े हुए जलस्तर का दबाव अगले तीन दिनों में होगा।
शनिवार को हरिद्वार बैराज से 63 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था जो बढ़कर रविवार को 1.40 लाख क्यूसेक हो गया। यही स्थिति बिजनौर बैराज पर रही। बिजनौर से शनिवार को 30 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था जो बढ़कर 99 हजार क्यूसेक पर पहुंच गया। हरिद्वार और बिजनौर के पानी का दबाव नरौरा की ओर आने लगा है तो नरौरा बैराज से भी धीमे धीमे डिस्चार्ज बढ़ रहा है और यह डिस्चार्ज 40 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। बिजनौर पर पानी के दबाव का प्रभाव जिले में तीसरे दिन पहुंचेगा। इसके लिए बिजनौर के अधीक्षण अभियंता ने जिले के सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। हालांकि गंगा नदी की तलहटी अभी सूखी हुई है। सिंचाई विभाग का मानना है कि आने वाला पानी गंगा की तलहटी में ही खप जाएगा, लेकिन पहाड़ों पर बारिश का लगातार क्रम बना रहा तो हरिद्वार का डिस्चार्ज और बढ़ सकता है। जिले के सिंचाई विभाग के अभियंता अलर्ट पर हैं और वे लगातार निगरानी कर रहे हैं।
- गंगा के जलस्तर में पिछले 6 दिनों से मामूली वृद्धि हो रही थी, लेकिन अब डिस्चार्ज बढ़ने से और अधिक वृद्धि होगी, लेकिन फिलहाल बाढ़ की आपदा की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन सिंचाई विभाग अलर्ट है। - संदीप जैन, सहायक अभियंता, सिंचाई।