शोहदों की हरकतों से तंग आई 10वीं की छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। मां के साथ छात्रा थाने पहुंची और बताया कि शोहदे उसे आते-जाते परेशान करते हैं। उसका रास्ते में हाथ भी पकड़ा, जिससे वो दहशत में है।
आगरा के बाह में शोहदों की हरकतों से तंग आई 10वीं की छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। पढ़ाई को लेकर परेशान छात्रा अपनी मां के संग थाने पहुंची। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
बाह के एक गांव की किशोरी 10वीं की पढ़ाई कर रही है। एक महीने से स्कूल के रास्ते पर आते-जाते शोहदे उसको परेशान कर रहे थे। ट्यूशन जाते समय भी रास्ता घेरकर खड़े हो जाते थे। युवती और उसकी मां ने पुलिस को बताया कि दो रोज पहले अश्लील कमेंट किए जाने के बाद रास्ते में हाथ पकड़ कर खींचने का प्रयास किया।
दहशत में आई छात्रा को लेकर उसकी मां बाह थाने पहुंची। पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी स्कूल जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। प्रभारी निरीक्षक बाह श्याम सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस शोहदों की तलाश में जुट गई है।