आगरा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने शनिवार को तीन माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। विक्टोरिया इंटर कॉलेज की स्थिति सबसे खराब मिली। विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। परिसर में साफ-सफाई भी बदहाल मिली।
डीआईओएस रविंद्र पाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के बीच आपसी विवाद की स्थिति भी सामने आई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों के आपसी मतभेद का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय के वातावरण पर नहीं पड़ना चाहिए। संबंधित पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा विद्यालय को छात्रों की अनुपस्थिति के कारण नोटिस जारी किया जाएगा।
इसके बाद डीआईओएस ने राजकीय इंटर कॉलेज कलाल खेरिया और राजकीय हाईस्कूल गंगरौआ का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक मिलीं। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि छात्र उपस्थिति बढ़ाने, विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा शिक्षण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। संवाद