आगरा में पूर्व प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां पूर्व प्रधानाचार्य ने थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने DIOS पर सीसीटीवी डिलीट करने का भी आरोप लगाया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में पूर्व प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक के बीच मारपीट हो गई। यहां साकेत विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा ने शाहगंज थाना में तहरीर दी है। बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक व सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनपर हमला करके उनके साथ मारपीट की है।
विज्ञापन
कहा कि कई स्कूलों में स्कूलों की संपत्ति बेचने, प्रबंधन तंत्र की मनमानी और प्रधानाचार्यों के निलंबन प्रकरण के मामले में जानकारी करने के लिए वह दोपहर साढे़ तीन बजे शिक्षा भवन में जेडी से मिलने गए था। इस पर उन्होंने कहा कि इस मसले पर जिला विद्यालय निरीक्षक से बात कर लें। वह जीआईसी में बैठे हैं।
सिर व अन्य जगह लगी अंदरूनी चोटें
बताया कि करीब चार बजे मैं वहां पहुंचा। जिला विद्यालय निरीक्षक से इस संबंध में बात करने पर वो क्रोधित हो गए और अपशब्द कहने लगे। ऐतराज करने पर अवांछनीय तत्वों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इसमें सह जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्या, अजय चौधरी और अन्य 8-10 लोगों ने मारपीट की। सिर व अन्य जगह अंदरूनी चोटें भी लगी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार का कहना है कि ओम प्रकाश शर्मा कंट्रोल रूम में आकर कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे। विरोध किया तो हमसे भी अभद्रता करने लगे। इनके साथ मारपीट का आरोप पूरी तरह से झूठा है।
सीसीटीवी कैमरे से पता चल सकेगी सच्चाई
जीआईसी के नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इससे घटना की सही जानकारी पता चल सकेगी। सेवानिवृत्त शिक्षक का आरोप है कि संभव हो कि सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए हों या इनको डिलीट करवा दिया गया हो।