मैनपुरी। पहले तो एक विधवा को सहारा देने के नाम पर आरोपी ने दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो पीछा छुड़ाने में जुट गया। पीड़िता ने जब मुकदमा दर्ज कराया तो आरोपी शनिवार को विधवा के घर आ पहुंचा। मारपीट करते हुए पेट में लात मार दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति की कुछ समय पूर्व मौत हो चुकी है। वह अपनी विधवा सास के साथ घर में रह रही है। कुछ माह पूर्व एक आरोपी घनश्याम ने सहारा देने के नाम पर घर में आना जाना शुरू कर दिया। इस दौरान विधवा के साथ विवाहेत्तर संबंध बना लिए।
कुछ दिनों बाद जब उसे पता चला कि विधवा गर्भवती हो गई तो वह पीछा छुड़ाने में जुट गया। विधवा ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली में दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार की देर शाम आरोपी कुछ लोगों के साथ घर में आया और गर्भवती के साथ मारपीट करने लगा। पेट पर लात मार दी, जिससे हालत बिगड़ गई। गर्भवती महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। वहां एक मृत शिशु की डिलीवरी हुई। विधवा की सास ने कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस कराएगी डीएनए जांच
विधवा के साथ मारपीट में गर्भपात का मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस भ्रूण का पोस्टमार्टम करा रही है। रविवार को जिला अस्पताल में डीएनए जांच की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी ली। डीएनए जांच से स्पष्ट हो सकेगा कि भ्रूण आरोपी का ही है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भानूप्रताप सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली