फतेहपुर सीकरी। कस्बा क्षेत्र के गांव कराही स्थित बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज में 20 से 22 जून तक आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय डायमंड बॉल (गुरखी गोला) प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार से होगा। प्रतियोगिता में देश के करीब 20 राज्यों से आए पुरुष, महिला और मिश्रित वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन आयोजन अध्यक्ष एवं सरपंच विश्वेंद्र कुमार शर्मा, फाउंडर सेक्रेटरी जनरल दिलीप शरण तथा ग्राम प्रधान शिशुपाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी दी। आयोजन अध्यक्ष विश्वेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि यह क्षेत्र के इतिहास की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में से एक होगी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पांडिचेरी सहित विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी। पहली बार फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो चुका है। तीन दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिलेगा। फाउंडर सेक्रेटरी जनरल दिलीप शरण ने बताया कि खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं महाविद्यालय परिसर में की गई हैं। आयोजन समिति लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में देशभर से सैकड़ों खिलाड़ी भाग लेंगे। सुरक्षा, आवास, भोजन, चिकित्सा एवं खेल संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।