दीप्ति और ध्रुव अपनी मां के साथ
आगरा। मदर्स डे पर रविवार को शहर के खिलाड़ियों ने अपनी सफलता की असली ताकत मां को खास अंदाज में याद किया। किसी ने सरप्राइज देकर मां के चेहरे पर मुस्कान लाई तो किसी ने दूर रहकर फोन के जरिए अपने जज्बात साझा किए। इन भावनात्मक पलों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हर खिलाड़ी की कामयाबी के पीछे मां का संघर्ष और समर्पण छिपा होता है।
भारतीय क्रिकेटर ध्रुव जुरैल ने इस खास दिन अपनी मां रजनी जुरैल को केक भेजकर सरप्राइज दिया। सुबह करीब नौ बजे घर की डोर बेल बजी तो दरवाजे पर केक लेकर एक व्यक्ति खड़ा था। केक पर बेटे का प्यार भरा संदेश लिखा था। यह देख मां रजनी भावुक हो उठीं। इसके बाद ध्रुव ने फोन पर बातचीत की और हालचाल जाना। साथ ही अपना ध्यान रखने को कहा। ध्रुव की सफलता के पीछे उनकी मां का बड़ा त्याग जुड़ा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को कभी टूटने नहीं दिया। बताया जाता है कि क्रिकेट किट दिलाने के लिए उन्होंने अपनी चेन तक गिरवी रख दी थी। आज वही संघर्ष ध्रुव की सफलता की कहानी का मजबूत आधार बन चुका है।
वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने भी मदर्स डे पर अपनी मां सुशीला शर्मा को फोन कर शुभकामनाएं दीं। बेंगलुरू में टीम के साथ मौजूद दीप्ति ने मां से बात कर उनके प्यार, समर्थन और त्याग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी हर उपलब्धि में उनकी मां का सबसे बड़ा योगदान है। मदर्स डे पर खिलाड़ियों के इन भावुक जज्बातों ने यह साफ कर दिया कि मैदान पर दिखने वाली हर जीत के पीछे मां की ममता, त्याग और संघर्ष की अनकही कहानी होती है। मां ही वह ताकत है, जो बच्चों को हर मुश्किल में आगे बढ़ने का हौसला देती है।
दीप्ति और ध्रुव अपनी मां के साथ